ऊँट की गर्दन मुड़ी क्यों होती है+कल, आज और कल : अकबर-बीरबल कहानियाँ : Akbar-Birbal Stories Two

Akbar-Birbal Stories|hindi stories| hindi kahaniyan| hindi stories for kids| hindi story| moral stories in hindi
ऊँट की गर्दन मुड़ी क्यों होती है

 
ऊँट की गर्दन मुड़ी क्यों होती है

अकबर बीरबल की हाजिर जवाबी के बड़े कायल थे। एक दिन दरबार में खुश होकर उन्होंने बीरबल को कुछ पुरस्कार देने की घोषणा की। लेकिन बहुत दिन गुजरने के बाद भी बीरबल को पुरस्कार प्राप्त नहीं हुआ। बीरबल बड़ी उलझन में थे कि महाराज को याद दिलाये ंतो कैसे ?

एक दिन महाराजा अकबर यमुना नदी के किनारे शाम की सैर पर निकले। बीरबल उनके साथ था। अकबर ने वहाँ एक ऊँट को घूमते देखा। अकबर ने बीरबल से पूछा, ‘‘बीरबल बताओ, ऊँट की गर्दन मुडी क्यों होती है?’’

बीरबल ने सोचा महाराज को उनका वादा याद दिलाने का यह सही समय है। उन्होंने जवाब दिया। - ‘‘महाराज यह ऊँट किसी से वादा करके भूल गया है, जिसके कारण ऊँट की गर्दन मुड गयी है। महाराज, कहते हैं कि जो भी अपना वादा भूल जाता है तो भगवान उनकी गर्दन ऊँट की तरह मोड देता है। यह एक तरह की सजा है।’’

तभी अकबर को ध्यान आता है कि वो भी तो बीरबल से किया अपना एक वादा भूल गये हैं। उन्होंने बीरबल से जल्दी से महल में चलने के लिये कहा। और महल में पहुँचते ही सबसे पहले बीरबल को पुरस्कार की धनराशि उसे सौंप दी, और बोले मेरी गर्दन तो ऊँट की तरह नहीं मुडेगी बीरबल। और यह कहकर अकबर अपनी हँसी नहीं रोक पाए। 

और इस तरह बीरबल ने अपनी चतुराई से बिना माँगे अपना पुरस्कार राजा से प्राप्त कर लिया। 

Akbar-Birbal Stories|hindi stories| hindi kahaniyan| hindi stories for kids| hindi story| moral stories in hindi
कल, आज और कल

कल, आज और कल 

एक दिन बादशाह अकबर ने ऐलान किया कि जो भी मेरे सवालों का सही जवाब देगा उसे भारी ईनाम दिया जाएगा। सवाल कुछ इस प्रकार से थे-

1. ऐसा क्या है जो आज भी है और कल भी रहेगा ?

2. ऐसा क्या है जो आज भी नहीं है और कल भी नहीं होगा ?

3. ऐसा क्या है जो आज तो है लेकिन कल नहीं होगा ?

इन तीनों सवालों के उदाहरण भी देने थे। 

किसी को भी चतुराई भरे इन तीन सवालों के जवाब नहीं सूझ रहे थे। तभी बीरबल बोला, 

‘‘हुजूर! आपके सवालों का जवाब मैं दे सकता हूं लेकिन इसके लिए आपको मेरे साथ शहर का दौरा करना होगा। तभी आपके सवाल सही ढंग से हल हो पाएंगे।’’

अकबर और बीरबल ने वेश बदला और सूफियों का बाना पहनकर निकल पड़े। कुछ ही देर बाद वे बाजार में खड़े थे। फिर दोनों एक दुकान में घुस गए। बीरबल ने दुकानदार से कहा, ‘‘हमें बच्चो की पढ़ाई के लिए मदरसा बनाना है, तुम हमें इसके लिए हजार रूपये दे दो।’’ जब दुकानदार ने अपने मुनीम से कहा कि इन्हें एक हजार रूपये दे दो तो बीरबल बोला, जब मैं तुमसे रूपये ले रहा हूंगा तो तुम्हारे सिर पर जूता मारूंगा। हर एक रूपये के पीछे एक जूता पड़ेगा। बोलो, तैयार हो?’’

यह सुनते ही दुकानदार के नौकर का पारा चढ़ गया और वह बीरबल से दो-दो हाथ करने आगे बढ़ आया। लेकिन दुकानदार ने नौकर को शांत करते हुए कहा, ‘‘मैं तैयार हूँ, लेकिन मेरी एक शर्त है। मुझे विश्वास दिलाना होगा कि मेरा पैसा इसी नेक काम पर खर्च होगा।’’

ऐसा कहते हुए दुकानदार ने सिर झुका दिया और बीरबल से बोला कि जूता मारना शूरू करें। तब बीरबल व अकबर बिना कुछ कहे-सुने दुकान से बाहर निकल आए। 

दोनों चुपचाप चले जा रहे थे कि तभी बीरबल ने मौन तोड़ा, 

‘‘बंदापरवर! दुकान में जो कुछ हुआ उसका मतलब है कि दुकानदार के पास आज पैसा है और उस पैसों को नेक कामों में लगाने की नीयत भी, जो उसे आने वाले कल में नाम देगी। इसका एक मतलब यह भी है कि अपने जगह पक्की कर लेगा। आप इसे यूं भी कह सकते हैं कि जो कुछ उसके पास आज है, कल भी उसके साथ होगा। यह आपके पहले सवाल का जवाब है।’’

फिर वे चलते हुए एक भिखारी के पास पहुंचे। उन्होंने देखा कि एक आदमी उसे कुछ खाने को दे रहा है और वह खाने का सामान उस भिखारी की जरूरत से कहीं ज्यादा है। तब बीरबल उस भिखारी से बोला, ‘‘हम भूखे हैं, कुछ हमें भी दे दो खाने को।’’

यह सुनकर भिखारी बरस पड़ा, 

‘‘भागो यहां से। जाने कहां से आ जाते हैं मांगने।’’

तब बीरबल बादशाह से बोला,

‘‘यह रहा हुजूर आपके दूसरे सवाल का जवाब। यह भिखारी ईश्वर को खुश करना नहीं जानता। इसका मतलब यह है कि जो कुछ इसके पास आज है, वो कल नहीं होगा।’’

दोनों फिर आगे बढ़ गए। उन्होंने देखा कि एक तपस्वी पेड़ के नीचे तपस्या कर रहा है। बीरबल ने पास जाकर उसके सामने कुछ पैसे रखे। तब वह तपस्वी बोला, ‘‘इसे हटाओ यहां से। मेरे लिए यह बेईमानी से पाया गया पैसा है। ऐसा पैसा मुझे नहीं चाहिए।’’

अब बीरबल बोला, ‘‘हुजूर! इसका मतलब यह हुआ कि अभी तो कुछ नहीं है लेकिन बाद में हो सकता है। आज यह तपस्वी सभी सुखों को नकार रहा है। लेकिन कल यही सब सुख इसके पास होंगे।’’

‘‘और हुजूर! चैथी मिसाल आप खुद हैं। पिछले जन्म में आपने शुभ कर्म किए थे जो यह जीवन आप शानो-शौकत के साथ बिता रहे हैं, किसी चीज की कोई कमी नहीं। यदि आपने इसी तरह ईमानदारी और न्यायप्रियता से राज करना जारी रखा तो कोई कारण नहीं कि यह सब कुछ कल भी आपके पास न हो। लेकिन यह न भूलें कि यदि आप राह भटक गए तो कुछ साथ नहीं रहेगा।’’

अपने सवालों के बुद्धिमत्तापूर्ण चतुराई भरे जवाब सुनकर बादशाह अकबर बेहद खुश हुए। 


ऊँट की गर्दन मुड़ी क्यों होती है+कल, आज और कल : अकबर-बीरबल कहानियाँ : Akbar-Birbal Stories Two ऊँट की गर्दन मुड़ी क्यों होती है+कल, आज और कल : अकबर-बीरबल कहानियाँ : Akbar-Birbal Stories Two Reviewed by Kahaniduniya.com on जून 02, 2021 Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

nicodemos के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.