चार सबसे बड़े मूर्ख अकबर-बीरबल कहानी : Four Sabase Bade Moorkh Akbar-Birbal Kahani

चार सबसे बड़े मूर्ख अकबर-बीरबल कहानी :

अकबर बीरबल की अक्लमंदी की परीक्षा लेने के उदे्श्य से उसे विचित्र कार्य सौंपा करते थे। ऐसा कर उन्हें अति आनंद की प्राप्ति होती है।

एक दिन दरबार में राजकीय कार्यवाही के मध्य अचानक अकबर बीरबल से बोले, ‘‘बीरबल! इस राज्य के चार सबसे बड़े मूर्खों को हमारे सामने हाजिर करो, हम तुम्हें एक महीने का समय देते हैं, तुरंत इस काम में लग जाओ’’

अकबर का आदेश सुन बीरबल आश्चर्यचकित हुआ, किंतु वह था तो अकबर का मुलाजिम ही उनका हर हुक्म बजाना उसका फर्ज था वह तुरंत चार मुर्खों की तलाश में निकल पड़ा। 

एक माह पूर्ण होने के उपरान्त वह दो व्यक्तियों के साथ अकबर के समक्ष उपस्थित हुआ, अकबर की दृष्टि जब दो व्यक्तियों पर पड़ी, तो वे बिफर गये, ‘‘बीरबल! ये क्या तुम दो ही मूर्खों को लेकर आये हो? हमने एक महीने का वक्त तुम्हें चार मूर्ख लाने के लिए दिया था’’

‘‘हुजूर! मेरी गुजारिश है कि अपना गुस्सा शांत रखिये और मेरी पूरी बात सुने बगैर किसी नतीजे पर मत पहुँचिये’’ बीरबल अकबर का गुस्सा शांत करते हुए बोला।

बीरबल की बात सुन अकबर का गुस्सा कुछ ठंडा हुआ। 

‘‘जहाँपनाह! ये रहा पहला मूर्ख, इसकी मूर्खता का वर्णन सुनेंगे, तो आप भी सोचेंगे कि ऐसे लोग भी होते हैं इस दुनिया में’’ पहले व्यक्ति को आगे कर बीरबल बोला।

‘‘बताओ ऐसी क्या मूर्खता कर रहा था ये?’’ अकबर ने पूछा 

‘‘हुजूर! मैंने इस व्यक्ति को बैलगाड़ी पर बैठकर कहीं जाते हुये देखा बैलगाड़ी चालक के अतिक्ति बैलगाड़ी पर बैठा ये अकेला व्यक्ति ही था जिसने अपनी गठरी सिर पर लाद रखी थी चकित होकर जब मैंने कारण पूछा, तो ये कहने लगा कि गठरी बैलगाड़ी पर रख दूंगा, तो बैल के ऊपर बोझ बढ़ जायेगा। 

इसलिए मैंने गठरी अपने सिर पर रख ली है, अब इसे मूर्खता नहीं कहेंगे, तो क्या कहेंगे’’

पहले व्यक्ति की मुर्खता का किस्सा सुनकर अकबर के चेहरे पर मुस्कराहट तैर गई।

फिर बीरबल ने दूसरे व्यक्ति को आगे किया और बोला, ‘‘जहाँपनाह! ये आदमी तो इससे भी बड़ा मूर्ख है, एक दिन मैंने देखा कि ये अपने घर की छत पर भैंस लेकर जा रहा है, मुझे आश्चर्य हुआ, तो मैंने पूछ लिया, लेकिन फिर इसका जवाब सुनकर मैंने तो अपना सिर ही पीट लिया, इसने बताया कि इसके घर की छत पर घास उग आई है, इसलिए ये भैंस को छत पर ले जाता है, ताकि वह वहाँ घास खा सके, घास काटकर ये भैंस को ही छत पर ले जाता है, ऐसा मूर्ख कहीं देखा है आपने?’’

‘‘हम्म, वाकई इन दोनों की कारस्तानी बेवकूफाना है, अब बाकी के दो मूर्खों को पेश करो’’ अकबर बोले,

‘‘हुजूर! नजर उठाकर देखिये तीसरा मूर्ख आपको सामने खड़ा दिखाई देगा’’ बीरबल बोला,

‘‘कहाँ बीरबल? हमें तो यहाँ कोई तीसरा व्यक्ति दिखाई नहीं पड़ रहा,’’ अकबर इधर-उधर देखते हुए बोले,

‘‘तीसरा मूर्ख मैं हूँ हुजूर’’ बीरबल सिर झुकाकर बोला, ‘‘अब देखिये, मुझे पर कितने महत्वपूर्ण कार्यो की जिम्मेदारी है, लेकिन सब कुछ एक तरफ हटाकर मेैं एक महीने से मूर्खों को खोज रहा हूँ, ये मूर्खता नहीं तो और क्या है?’’

बीरबल की बात सुनकर अकबर सोच में पड़ गए, फिर बोले, ‘‘और चौथा मूर्ख कहाँ है बीरबल?’’

‘‘गुस्ताखी माफ हुजूर, पर चौथे मूर्ख आप हैं, आप हिंदुस्तान के शंहशाह है, इतने बड़े साम्राज्य का भार आपके कंधों पर है, प्रजा के हित के जाने कितने कार्य आपको करवाने हैं, लेकिन उन सबको दरकिनार कर आप एक महीने से मुझसे चार मूर्खों की तलाश करवा रहे हैं, तो चौथे मूर्ख आप हुए ना.....’’ कहते हुए बीरबल ने अपने कान पकड़ लिए। 

बीरबल का जवाब सुनकर अकबर को अपनी गलती का अहसास हो गया कि बेफिजूल में उन्होंने अपना और बीरबल का काफी वक्त बर्बाद कर लिया है। 

चार सबसे बड़े मूर्ख अकबर-बीरबल कहानी : Four Sabase Bade Moorkh Akbar-Birbal Kahani चार सबसे बड़े मूर्ख अकबर-बीरबल कहानी : Four Sabase Bade Moorkh Akbar-Birbal Kahani Reviewed by Kahaniduniya.com on जून 07, 2023 Rating: 5

कोई टिप्पणी नहीं:

nicodemos के थीम चित्र. Blogger द्वारा संचालित.